जागता झारखंड नरेंद्र कुमार ब्यूरो लातेहार चंदवा : चंदवा पंचायत समिति सदस्यों का एक प्रतिनिधिमंडल शनिवार को उप-प्रमुख अश्विनी मिश्र के नेतृत्व में सूबे की पंचायतीराज सह ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह से मिलकर अपनी समस्याओं को रखते हुए 6 सूत्री मांग पत्र सौंपा। उप प्रमुख अश्विनी मिश्र ने मंत्री को बताया कि वार्ड,मुखिया और जिला परिषद को प्रशिक्षण दिया जा रहा है जबकि पंसस को आज तक नहीं मिला। मनरेगा व अन्य प्रखंड से होने वाले कार्यों में पंसस की भूमिका नगण्य है। पंचायत सचिव और राजस्व कर्मचारी पंचायत भवन में नहीं बैठते हैं, जिसका प्रतिकूल असर ग्रामीणों में होता है। पंसस की मासिक बैठक नहीं होने से जन आकांक्षाओं को पूरा करने में परेशानी होती है। सरकारी कर्मी पंसस के प्रति जवाबदेह भी नहीं होते हैं जिसका व्यापक असर विकास के कार्यों में भी हो रहा है। मंत्री ने चंदवा से गये पंसस की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए जल्द ही इसके निराकरण का आश्वासन दिया। मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने कहा कि सभी जनप्रतिनिधियों को उचित मान सम्मान मिले इसके लिए आवश्यक दिशा निर्देश दिया जाएगा। जनहित में जो भी कार्य होगा उसे पूर्ण करना अधिकारियों की जवाबदेही है। मंत्री ने सबों को आश्वास्त कि आपकी सभी जायज मांगों को संबंधित विभाग को भेज आवश्यक कार्रवाई का दिशा निर्देश दिया जाएगा। मंत्री से मिलने वालों में अशोक भुइंया,शंकर गंझू,बलकू मुंडा,अनिता देवी,सुनीता देवी,संगीता देवी,रामकिशन गंझू और करन लोहरा शामिल है।
