जागता झारखंड संवाददाता सिमडेगा : कांग्रेस प्रदेश कमेटी के बैनर तले डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती पर रांची में विशाल मानव शृंखला बनाई गई। इस मानव श्रृंखला में सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा भी सक्रिय रूप से शामिल हुए। मौके पर विधायक ने कहा कि आज का दिन हम सबके लिए केवल एक तिथि नहीं है यह एक विचार की जयंती है। यह उस महान आत्मा का जन्मदिवस है, जिसने करोड़ों दबे-कुचले लोगों को एक नई पहचान दी। उन्हें आत्म-सम्मान और न्याय का अधिकार दिलाया। विधायक ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर का जन्मदिन आज हम सब गर्व से मना रहे हैं। उन्होंने सिर्फ संविधान नहीं बनाया बल्कि उन्होंने एक ऐसा रास्ता बनाया, जिस पर चलकर हर गरीब, हर दलित, हर महिला, हर शोषित व्यक्ति अपने अधिकारों तक पहुँच सके। भूषण बाड़ा ने कहा कि आज कांग्रेस पार्टी ने मानव श्रृंखला बनाकर इस विचार को फिर से जीवंत किया है। एकता, समानता और सामाजिक न्याय की इस श्रृंखला में हम सबने हाथ मिलाकर यह संदेश दिया है कि हम अंबेडकर जी के सपनों को कभी मरने नहीं देंगे। हमारे संविधान में जो न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्य हैं, वे केवल किताबों तक सीमित न रहे का संकल्प हमें लेना है। विधायक ने कहा कि एक जनप्रतिनिधि होने के नाते ये वादा करता हूँ कि समाज के हर आख़िरी व्यक्ति तक अंबेडकर जी के विचार पहुँचाऊँगा और जब तक एक भी व्यक्ति शोषित है। तब तक हमारी लड़ाई जारी रहेगी। आज हम सब मिलकर केवल अंबेडकर जयंती नहीं मना रहे है। बल्कि हम उस संघर्ष, उस बलिदान और उस विचारधारा को श्रद्धांजलि दे रहे हैं जिसने भारत को वी द पीपल ऑफ इंडिया की ताक़त दी।



