मुजफ्फर हुसैन, जागता झारखण्ड, ब्यूरो रांची – सिमडेगा विधायक भूषण बड़ा ने झारखंड विधानसभा सत्र के शून्यकाल के दौरान राज्य के हज यात्रियों की गंभीर समस्याओं को उठाया और सरकार से बिरसा मुंडा हवाई अड्डा, रांची को पुनः हज यात्रियों के लिए इम्बार्केशन पॉइंट घोषित करने की मांग की। विधायक ने बताया कि वर्ष 2009 से 2019 तक बिरसा मुंडा हवाई अड्डा, रांची झारखंड के हज यात्रियों के लिए इम्बार्केशन पॉइंट के रूप में कार्यरत था। इस व्यवस्था के तहत राज्य के हज यात्री रांची से सीधे जेद्दा (सऊदी अरब) के लिए उड़ान भर सकते थे।किन्तु वर्तमान में यह सुविधा स्थगित कर दी गई है और सभी हज उड़ानें कोलकाता से संचालित की जा रही हैं, जिससे राज्य के हज यात्रियों को अत्यधिक असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। विधायक भूषण बड़ा ने इस बदलाव से उत्पन्न समस्याओं पर प्रकाश डालते हुए कहा कि झारखंड के हज यात्रियों को शारीरिक, मानसिक और आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। विधायक भूषण बड़ा ने सरकार से इस समस्या का अविलंब संज्ञान लेने और पूर्व की व्यवस्था को बहाल करने की अपील की। उन्होंने सदन के माध्यम से बिरसा मुंडा हवाई अड्डा, रांची को पुनः हज यात्रियों के लिए इम्बार्केशन पॉइंट घोषित करने की मांग की, ताकि झारखंड के हज यात्रियों को बिना किसी बाधा के सीधे जेद्दा के लिए उड़ान भरने की सुविधा मिल सके।

