मुजफ्फर हुसैन, जागता झारखण्ड, ब्यूरो राँची:- राष्ट्रीय पंचायती राज वार्ड सदस्य महासंघ द्वारा 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती बड़े ही श्रद्धा और सम्मान के साथ मनाई गई। यह कार्यक्रम पंचायत सचिवालय, इरबा में प्रातः 11 बजे मोहम्मद औरंगजेब के नेतृत्व में आयोजित हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर की गई। इस अवसर पर उपस्थित वक्ताओं ने बाबा साहेब के विचारों और योगदान पर प्रकाश डालते हुए उन्हें भारतीय लोकतंत्र, समानता, और सामाजिक न्याय का प्रतीक बताया। मोहम्मद औरंगजेब ने कहा कि, बाबा साहेब ने अपने संघर्ष और दूरदृष्टि से न केवल संविधान निर्माण किया, बल्कि समाज के वंचित वर्गों को समान अधिकार दिलाने की ऐतिहासिक भूमिका निभाई। हमें उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज में समरसता और न्याय की स्थापना हेतु कार्य करना चाहिए।इस अवसर पर प्रमुख रूप से उप मुखिया जरीना खातून, नेहा परवीन, वाजदा खातून, बिरसी देवी, तबारक हुसैन, रमीज रजा, इमामुल अंसारी, जावेद अंसारी, दीपक कुमार मुंडा, योगेंद्र मुंडा, सुधीर मुंडा, राजेंद्र उरांव, आजाद अंसारी आदि लोग उपस्थित थे। सभी ने बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया।
