
अपने जन कल्याण के कार्यक्रमों के लिए प्रसिद्ध भाजपा किसान मोर्चा के केंद्रीय मंत्री बजरंगी प्रसाद यादव ने मंगलवार को आदिम जनजाति के लोगों एवं भाजपा कार्यकर्ताओं का सम्मान किया। इस दौरान उन्होंने आदिम जनजाति के पहाड़िया लोगों के बीच कंबल वितरण कर कुछ राशि भी दी। कार्यक्रम का आयोजन बजरंगी प्रसाद यादव ने अपने जोकमारी स्थित क्रेशर प्लांट में किया। इस दौरान भाजपा का सदस्यता अभियान भी चलाया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष उज्ज्वल मंडल ने कहा कि जिला में कई धनी लोग है जो जरूरतमंदों की मदद कर सकते है पर उनमें ये भावना ही नहीं है। कहा कि भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है। देश में एकमात्र पार्टी भाजपा है जिसमें लोकतंत्र है। बजरंगी यादव ने कहा कि हम सामाजिक क्षेत्र में है इसलिए हमारा फर्ज समाज के अंतिम व्यक्ति की मदद करना है। इन्हीं पहाड़िया लोगों के आशीर्वाद से जिला में पत्थर व्यवसाय हो रहा है इसलिए उनका सम्मान जरूरी है। बताया कि 5 सौ से ज्यादा लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया है। कहा अभी हम विपक्ष में है, हम देखते है कि यहां के लोगों के साथ अन्याय हो रहा है, उसके साथ दुर्व्यवहार हो रहा है। साल के अंतिम दिनों में हमें अपने कार्यों का आंकलन करना चाहिए। पिछले 5 साल के कार्यों का आंकलन कर आने वाले 5 साल के कार्यों की रूपरेखा तय करें। किसानों की समस्या को लेकर जिला त्रस्त है, जमीन सर्वे नहीं होना समस्या का कारण है। रजिस्ट्री रुकी है। उन्होंने नए साल की शुभकामना देते हुए कहा कि आने वाला साल सुखमय हो, मां लक्ष्मी की कृपा सभी पर हो। मौके पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा जिला अध्यक्ष उज्ज्वल मंडल, उपाध्यक्ष चंद्रभान शर्मा, निवर्तमान नगर परिषद अध्यक्ष श्रीनिवास यादव, मंत्री रामानंद चौरसिया, पवन सिंह, ओम भरतीया, पूर्व जिला अध्यक्ष रणधीर सिंह, ओबीसी मोर्चा के संजय पंडित, राजीव चौधरी, राम भजन, पवन सिंह, सुखराम दास जी महाराज सहित सैकड़ों अन्य मौजूद थे।
