मुजफ्फर हुसैन,जागता झारखण्ड, ब्यूरो रांची: झारखंड की दिव्यानी लिंडा ने इंडिया अंडर-17 महिला फुटबॉल टीम में चयनित होकर राज्य का गौरव बढ़ाया है। उनके साथ झारखंड की तीन अन्य प्रतिभाशाली बेटियां—अनिता (गुमला), सूरजमनी कुमारी (गुमला), और अनुष्का कुमारी (हजारीबाग)—का भी चयन हुआ है। दिव्यानी लिंडा रांची जिले की एकमात्र खिलाड़ी हैं, जिन्होंने टीम में अपनी जगह बनाई है। दिव्यानी लिंडा के इस उल्लेखनीय चयन की खबर मिलते ही उनके गांव और स्टार वॉरियर्स फुटबॉल टीम में खुशी की लहर दौड़ गई। दिव्यानी, जो एक साधारण और गरीब परिवार से हैं, अपनी कड़ी मेहनत और प्रतिभा के बल पर देश के लिए खेलने का सपना साकार कर रही हैं। दिव्यानी की इस उपलब्धि पर केन्द्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ, स्टार वॉरियर्स टीम के संरक्षक एवं समाजसेवी जगदीश सिंह जग्गू, ओरमांझी उप प्रमुख रिजवान अंसारी, डॉ. शाहनवाज कुरैशी, समंद्र लाल, और स्टार वॉरियर्स के कोच अनवरुल हक (बबलू), सुरेन्द्र उरांव ने उन्हें बधाई दी। इसके अलावा, झारखंड फुटबॉल एसोसिएशन के महासचिव गुलाम रब्बानी, आशीष बॉस, रेशमी तिर्की, सकील अहमद, और नुरुल हक ने भी दिव्यानी की सफलता पर खुशी व्यक्त की और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। झारखंड से चयनित चारों लड़कियों ने यह साबित कर दिया है कि राज्य में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। फुटबॉल जैसे खेल में उनका चयन न केवल झारखंड बल्कि पूरे देश के लिए गर्व की बात है। दिव्यानी का सफर अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणादायक है, जो कठिन परिस्थितियों के बावजूद अपने सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत कर रहे हैं। दिव्यानी की सफलता झारखंड में महिला फुटबॉल के विकास और प्रोत्साहन का एक बड़ा उदाहरण है। उनके गांव, टीम और परिवार ने इस उपलब्धि पर उन्हें शुभकामनाएं दी हैं और पूरे देश के लिए खेलने का उनका सपना पूरा होने पर गर्व व्यक्त किया है।
