हजारीबाग: कटकम सांडी प्रखंड कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में “जय बापु, जय भीम, जय संविधान” अभियान के तहत अम्बेडकर सम्मान मार्च का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का नेतृत्व प्रखंड अध्यक्ष नरसिंह प्रजापति ने किया। सभा को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि जिला अध्यक्ष शैलेन्द्र कुमार यादव ने कहा कि भाजपा की सरकार ने आरक्षण खत्म करने की साजिश के तहत संविधान को बदलने की कोशिश की थी, लेकिन 2024 के चुनाव में जनता ने इसे नाकाम कर दिया और लोकतांत्रिक मूल्यों का सम्मान करते हुए बैसाखी सरकार का गठन किया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि अब भाजपा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर का अपमान कर रही है। प्रखंड अध्यक्ष नरसिंह प्रजापति ने कहा, “बाबा साहब ने हमें संविधान दिया, और गृहमंत्री अमित शाह ने उनका अपमान किया। 18वीं लोकसभा के शीतकालीन सत्र में भाजपा द्वारा अंबेडकर का अपमान भारत के संसदीय इतिहास में दर्ज हो गया है।” प्रजापति ने आगे कहा कि अमित शाह ने कहा था, “अभी एक फैशन हो गया है – अंबेडकर, अंबेडकर, अंबेडकर… अगर लोग भगवान का नाम लेते, तो सात जन्मों तक स्वर्ग मिल जाता।”कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव गोविंद राम, प्रदेश प्रतिनिधि बिनोद कुशवाहा, महानगर अध्यक्ष मनोज नारायण भगत, जिला उपाध्यक्ष सह प्रवक्ता निसार खान, संजय तिवारी, सरयु यादव, शारदा रंजन दुबे, दिलीप कुमार रवि, रंजीत यादव, गुड्डु सिंह, परवेज अहमद, ओमप्रकाश गोप, अजय राणा, मो. रब्बानी, राम अनुज सिंह, अजित कुमार सिंह समेत सैकड़ों कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित थे। यह कार्यक्रम बाबासाहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के योगदान को सम्मानित करने के उद्देश्य से आयोजित किया गया था, जिसमें उपस्थित जनसमूह ने संविधान और अंबेडकर के सिद्धांतों को मन में बसा कर उनका सम्मान करने की शपथ ली।
