जागता झारखंड संवाददाता पाकुड़/महेशपुर:- झामुमो प्रखंड कार्यालय, महेशपुर में महिला मोर्चा की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता महिला मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष शुभलक्ष्मी मुर्मू ने की। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष जोसेफिना हेम्ब्रम एवं प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद शामिल हुए। बैठक का मुख्य विषय आगामी 8 मार्च को मनाए जाने वाले अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की तैयारी रहा। इस अवसर को भव्य एवं यादगार बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि महेशपुर प्रखंड की सभी महिला साथी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगी और कार्यक्रम को धूमधाम से मनाया जाएगा। तय हुआ कि महिला दिवस के अवसर पर ढोल, मांदर और नगाड़ों की गूंज के साथ पारंपरिक आदिवासी नृत्य एवं संगीत प्रस्तुत किया जाएगा। साथ ही आदिवासी रीति-रिवाजों के अनुरूप सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा, जिससे महिलाओं की एकजुटता और सांस्कृतिक पहचान को मजबूती मिले। बैठक को संबोधित करते हुए प्रखंड अध्यक्ष अब्दुल वदूद ने कहा कि झारखंड के यशस्वी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य की आधी आबादी महिलाओं के लिए जो कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं, वे पूरे देश में मिसाल हैं। उन्होंने कहा कि आज झारखंड की महिलाएं इन योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बन रही हैं और समाज में अपनी सशक्त भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने महिला साथियों से आह्वान किया कि वे महिला दिवस के कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें। महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष जोसेफिना हेम्ब्रम ने भी बैठक को संबोधित करते हुए महिलाओं की एकता, जागरूकता और संगठन की मजबूती पर बल दिया। उन्होंने कहा कि महिला दिवस केवल उत्सव का दिन नहीं, बल्कि महिलाओं के अधिकार, सम्मान और सशक्तिकरण का प्रतीक है।बैठक में जिला सह सचिव लाल मुहम्मद अंसारी, शिवानी टुडू, सेनेली मुर्मू, सावित्री मुर्मू, विनीता मरांडी, सुनैना मुर्मू, प्रिया किस्कु, अनिता मुर्मू, अफसाना बीबी, कौशिला देवी, युवा मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष बाबुधन मुर्मू उर्फ डॉन, निरोज मड़ैया, राजेन्द्र हांसदा, शकल हांसदा समेत अन्य झामुमो कार्यकर्ता मौजूद थे।








