जागता झारखंड संवाददाता विक्की कुमार चैनपुर/गुमला : चैनपुर प्रखंड अंतर्गत मोलम पंचायत के तिगावल डांटोली गांव में चीरा सरना झंडा गड़ी कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। जानकारी देते हुए शाम चार बजे बताया गया कि इस आयोजन में प्रखंड के विभिन्न ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे क्षेत्र में पारंपरिक आस्था का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक रीति-रिवाज और विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर सरना झंडा स्थापित करने के साथ हुई। इसके बाद अनादि प्रार्थना की गई, जिसमें श्रद्धालुओं ने बारी-बारी से अपने पूर्वजों को याद करते हुए पूजा-अर्चना की। इस दौरान वातावरण पूरी तरह श्रद्धा और भक्ति से सराबोर रहा।
इस अवसर पर आयोजित सभा का शुभारंभ मुख्य अतिथि संजय उरांव (राष्ट्रीय सरना धर्म प्रचारक) के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती चिंतामणि उरांव, शीला उरांव, रणजी पड़ा, सरना प्रार्थना सभा गुमला के अध्यक्ष संजय उरांव, तीजा उरांव, राजेश उरांव, सरना समाजसेवी हंडू भगत, भारत मुंडा समाज के उप सचिव गंगा मुंडा, मुंडा समाज के उपाध्यक्ष वीरेंद्र मुंडा, दिलीप मुंडा, संजय मुंडा, मुकेश उरांव, धर्म अगुआ लहसुन राव और मनीष उरांव सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सरना धर्म की परंपराओं को संरक्षित रखने और समाज में एकता बनाए रखने पर विशेष बल दिया गया। वक्ताओं ने कहा कि इस तरह के आयोजन हमारी सांस्कृतिक पहचान को सशक्त करते हैं और नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करते हैं। इस भव्य आयोजन ने क्षेत्र में सामाजिक एकता और धार्मिक आस्था का एक प्रेरणादायक संदेश दिया।











