जागता झारखंड संवाददाता विक्की कुमार चैनपुर/गुमला चैनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम छिछवाणी में प्रेम प्रसंग को लेकर सोमवार शाम हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को दहला दिया। गांव निवासी कामिल टोप्पो ने अपने ही गांव के राजेंद्र कुमार मिंज (उम्र लगभग पैंतालीस वर्ष), पिता लिबनिश मिंज की डंडे से मारकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी गांव से फरार हो गया है और पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी कर रही है।जानकारी देते हुए मंगलवार सुबह लगभग दस बजे ग्रामीणों ने बताया कि दोनों युवक एक ही महिला से प्रेम करते थे और इसी बात को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। सोमवार शाम लगभग सात बजे आवेश में आकर कामिल टोप्पो ने राजेंद्र कुमार मिंज पर डंडे से हमला कर दिया। मृतक की बेटी ने बताया कि वह अपने पिता के साथ खेत से टमाटर लेकर घर लौट रही थी। इसी दौरान आरोपी ने पीछे से अचानक हमला कर दिया। हमले के बाद वह डरकर गांव की ओर भागी और ग्रामीणों को सूचना दी। ग्रामीण जब तक घटनास्थल पहुंचे, तब तक राजेंद्र कुमार मिंज की मौत हो चुकी थी । घटना की सूचना मिलने पर चैनपुर थाना पुलिस रात में ही गांव पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मंगलवार को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल गुमला भेज दिया। पुलिस मामले की जांच करते हुए फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है। घटना के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है।








