जागता झारखंड संवाददाता बसंत कुमार गुप्ता गुमला : कृषक नवनिर्माण संगठन उड़ीसा इकाई द्वारा विधानसभा के समक्ष पदयात्रा करते हुए आगे बढ़ रहे किसानों को उड़ीसा पुलिस ने भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच गिरफ्तार किया। कृषक नवनिर्माण संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्षय कुमार समेत दर्जनों किसान नेताओं के नेतृत्व में 22 मार्च 2026 को क्योंझर जिला से किसान हित की मांग को लेकर किसानों का एक बड़ी जत्था उड़ीसा विधानसभा की ओर बढ़ रही थी। मालूम हो कि उड़ीसा विधानसभा सत्र चल रहा है, इस दौरान किसानों द्वारा अपनी मांग को लेकर शांतिपूर्ण तरीके से पदयात्रा कार्यक्रम किया जा रहा था। भुवनेश्वर के सीमावर्ती फूल नगर के पास हाईवे में उत्तर प्रदेश के बड़े किसान नेता राकेश टिकैत, बक्सर के राष्ट्रीय जनता दल के सांसद सुधाकर सिंह, आईपीएफ के झारखंड प्रभारी सह झारखंड नवनिर्माण दल के केंद्रीय संयोजक विजय सिंह, कृषक किसान नवनिर्माण संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अक्षय कुमार, आई कैन के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद मूर्ति, संगठन के शेशदीप नंदन समेत सैकड़ो महिला एवं पुरुष नेताओं को गिरफ्तार कर खुरदा जिला के चंद्रका पुलिस स्टेशन में रखी गई है। इस मौके पर नेताओं ने एक स्वर में कहा है कि उड़ीसा सरकार किसानों से डर गई है इसलिए किसान हित की मांगों पर वार्ता करने के बजाय दमनात्मक रवैया अपनाते हुए शांतिपूर्ण ढंग से विधानसभा मार्च कर रहे किसान नेताओं को किसानों के साथ गिरफ्तार की। नेताओं ने यह भी कहा है कि किसान हित की मांगों पर त्वरित सकारात्मक पहल नहीं की गई तो देश स्तर पर आंदोलन को तेज किया जाएगा। समाचार लिखे जाने तक पुलिस हिरासत में सभी नेताओं व कार्यकर्ताओं को रखी गई थी।









