जागता झारखंड ब्यूरो गोड्डा: जिला पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार के निर्देशानुसार होली पर्व को शांतिपूर्वक और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से हनवारा थाना क्षेत्र के खैराटीकर चौक पर पुलिस द्वारा विशेष “ड्रिंक एंड ड्राइव” अभियान चलाया गया। हनवारा थाना प्रभारी ध्रुव कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस सघन वाहन जांच अभियान के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों की बारीकी से जांच की गई। अभियान के तहत वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर मशीन से जांच की गई, ताकि नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इस दौरान कई वाहन चालकों के कागजात, ड्राइविंग लाइसेंस, इंश्योरेंस और प्रदूषण प्रमाण पत्र की भी जांच की गई। बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चला रहे लोगों को सख्त चेतावनी देते हुए चालान काटे गए। थाना प्रभारी ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य होली के दौरान संभावित दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना और लोगों में सुरक्षित यातायात के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे नियमों का पालन करें, नशे की हालत में वाहन न चलाएं तथा अपने और दूसरों की सुरक्षा को प्राथमिकता दें।








