प्रतिनिधि, जागता झारखण्ड, कटिहार बिहार : जिले में कोढ़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत बसगाड़ा (NH-31) पर विगत दिनों हुई भीषण सड़क दुर्घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। इस हृदयविदारक घटना में कई लोगों की असामयिक मृत्यु पर आदिवासी कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय संयोजक सह झारखंड प्रभारी डॉ. विपिन कुमार सिंह ने अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है । डॉ. विपिन कुमार सिंह ने घटना पर गहरा दुख प्रकट करते हुए कहा कि सड़क हादसे में मासूम जिंदगियों का इस तरह जाना अत्यंत पीड़ादायक और अपूरणीय क्षति है। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति और शोक संतप्त परिजनों को इस कठिन समय में धैर्य व शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। डॉ. सिंह ने स्थानीय प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवारों को अविलंब उचित सरकारी मुआवजा प्रदान किया जाए और घायलों के बेहतर उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए । उन्होंने सड़क सुरक्षा के प्रति भी चिंता जाहिर की और कहा कि NH-31 जैसे व्यस्त मार्गों पर सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन होना चाहिए ताकि ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। इस दुखद घड़ी में डॉ. सिंह ने पीड़ितों के प्रति अपनी अटूट सहानुभूति प्रकट की और कांग्रेस कमेटी की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।








