जागता झारखंड संवाददाता सिमडेगा : सेंट्रल अंजुमन इस्लामिया, सिमडेगा द्वारा मंगलवार की शाम जमजम मैरिज हॉल में मैट्रिक एवं इंटर परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के सम्मान में प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले की उपायुक्त श्रीमती कंचन सिंह, पुलिस अधीक्षक एम.अर्शी, उप विकास आयुक्त श्री दीपांकर चौधरी, जिला शिक्षा पदाधिकारी मिथलेश केरकेट्टा, जिला शिक्षा अधीक्षक दीपक राम एवं चैंबर ऑफ़ कॉमर्स के अध्यक्ष मोतीलाल अग्रवाल समेत कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। समारोह में 50 से अधिक विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने मैट्रिक एवं इंटर में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। साथ ही ठेठईटांगर की आफरीन रुखसार, जो डी फार्मा में राज्य की टॉपर बनी हैं, को भी विशेष सम्मान दिया गया। सभी अतिथियों का स्वागत पारंपरिक शॉल ओढ़ाकर एवं पौधे भेंट कर किया गया। मुख्य अतिथि उपायुक्त कंचन सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि अच्छी शिक्षा ही सफलता की कुंजी है। उन्होंने कहा कि कठिन मेहनत और समर्पण से ही श्रेष्ठ परिणाम संभव है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि जब समाज शिक्षित होगा, तभी समृद्धि आएगी। पुलिस अधीक्षक एम. अर्शी ने भी शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि एक शिक्षित समाज ही अपराध मुक्त समाज की नींव रखता है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने की अपील की और विद्यार्थियों को ईमानदारी से मेहनत करने की प्रेरणा दी। उप विकास आयुक्त दीपांकर चौधरी ने शिक्षा को समाज के विकास का मूल आधार बताया और बच्चों को उज्जवल भविष्य के लिए प्रेरित किया। अंत में विधायक प्रतिनिधि मो समी आलम ने सभी अतिथियों और आयोजकों को सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया।











