जागता झारखंड : सिमडेगा बांसजोर प्रखंड अंतर्गत कोम्बाकेरा पंचायत के दूरस्थ गांव रोबगा ज्ञानी टोली में छोटानागपुर कल्याण निकेतन, सिमडेगा द्वारा पात्र ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से एक विशेष लिंकेज कार्यक्रम चलाया गया।गांव में सड़क और संचार सुविधा के अभाव के कारण यहां के ग्रामीणों को लंबे समय से सरकारी योजनाओं की जानकारी समय पर नहीं मिल पाती थी। आवागमन की कठिन परिस्थितियों और मोबाइल नेटवर्क नहीं होने के कारण कई पात्र लोग योजनाओं के लाभ से वंचित रह जाते थे।इसी स्थिति को देखते हुए संस्था के कार्यकर्ता जंगलों और पहाड़ी रास्तों से होकर गांव पहुंचे और ग्रामीणों को एकत्रित किया। नेटवर्क की समस्या के कारण ग्रामीणों को पहाड़ी के उस स्थान तक ले जाया गया, जहां थोड़ी बहुत नेटवर्क उपलब्ध थी। वहां पहुंचकर पात्र लोगों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई तथा आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर उन्हें योजनाओं से जोड़ा गया।संस्था के प्रतिनिधियों ने बताया कि छोटानागपुर कल्याण निकेतन का उद्देश्य दूर-दराज के ऐसे गांवों तक पहुंचकर जरूरतमंद और पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना है, ताकि कोई भी व्यक्ति सरकारी लाभ से वंचित न रहे।संस्था आगे भी इस प्रकार के प्रयास जारी रखकर अधिक से अधिक लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य करती रहेगी।






