Search
Close this search box.

राज्यसभा वोट से गायब विधायक! मनिहारी में ‘विश्वासघात’ बनाम ‘व्यक्तिगत फैसला’ की जंग”

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

प्रतिनिधि,जागता झारखण्ड कटिहार,(बिहार)- जिला के मनिहारी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक मनोहर प्रसाद सिंह की राज्यसभा चुनाव के दौरान रहस्यमयी अनुपस्थिति ने जिले से लेकर प्रदेश तक की सियासत में भूचाल ला दिया है। एक ओर जहां कांग्रेस पार्टी विपरीत परिस्थितियों में अपने कुनबे को एकजुट रखने की जद्दोजहद कर रही थी, वहीं ऐन मौके पर मनोहर प्रसाद सिंह का परिदृश्य से ओझल होना उनकी निष्ठा और राजनीतिक शुचिता पर गहरे सवाल खड़े कर रहा है। राजनीतिक गलियारों में यह चर्चा आम है कि जिस पार्टी ने उन पर भरोसा जताकर उन्हें सदन तक पहुंचाया, उसी के संकट काल में उनकी गैर-मौजूदगी महज इत्तेफाक नहीं बल्कि एक सोची-समझी रणनीति का हिस्सा जान पड़ती है। कटिहार लोकसभा और मनिहारी विधानसभा के कद्दावर कांग्रेसी नेताओं ने नाम न छापने की शर्त पर अपनी गहरी नाराजगी व्यक्त करते हुए स्पष्ट कहा कि मनोहर बाबू का शरीर भले ही कांग्रेस में हो, लेकिन उनका मन कहीं और रमता दिख रहा है। वरिष्ठ नेताओं का आरोप है कि विधायक जी के भीतर आज भी जननेता वाले गुणों के बजाय वही पुरानी नौकरशाही वाली अकड़ हावी है, जो उनके प्रशासनिक अतीत का हिस्सा रही है। उनमें उस दूरदर्शिता और सांगठनिक कौशल का नितांत अभाव है जो एक परिपक्व राजनेता की पहचान होती है। जमीनी कार्यकर्ताओं का गुस्सा तो सातवें आसमान पर है, जिनका मानना है कि विधायक और उनके करीबियों का व्यवहार कार्यकर्ताओं के प्रति न केवल उपेक्षापूर्ण है बल्कि अपमानजनक भी है। सिद्धांतों और विचारधारा की दुहाई देने वाली कांग्रेस के भीतर अब यह मांग उठने लगी है कि क्या ऐसे व्यक्ति को ढोना उचित है जिसका जुड़ाव पार्टी की मूल भावना से कभी रहा ही नहीं। मनिहारी की जनता और समर्पित कार्यकर्ता इसे जनादेश के साथ विश्वासघात मान रहे हैं। राजनीति के इस कुरुक्षेत्र में अपनों के ही वार ने कांग्रेस को रक्षात्मक मुद्रा में खड़ा कर दिया है और अब यह सवाल गूंज रहा है कि क्या मनोहर प्रसाद सिंह का यह कदम उनके राजनीतिक भविष्य के अंत की शुरुआत है या फिर किसी नए पाले में छलांग लगाने की पूर्व संध्या। आने वाले दिनों में कांग्रेस आलाकमान का रुख और स्थानीय जनता का आक्रोश इस विवाद की दिशा तय करेगा, लेकिन फिलहाल तो मनिहारी के विधायक कटघरे में खड़े नजर आ रहे हैं।

Jagta Jharkhand
Author: Jagta Jharkhand

Leave a Comment

और पढ़ें