जागता झारखंड ब्यूरो संतोष कुमार जामताड़ा।सोमवार को ग्रामीण कार्य विभाग, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल जामताड़ा के द्वारा जिले के जामताड़ा प्रखंड अंतर्गत चेगायडीह मुख्य सड़क पर स्थित बड़ा नदी पर उच्च स्तरीय पुल निर्माण कार्य का शिलान्यास स्वास्थ्य एवं खाद्य आपूर्ति मंत्री डॉ इरफान अंसारी के कर कमलों से संपन्न हुआ। यह पुल कुल 2 करोड़ 71 लाख 807 रुपए की लागत से निर्मित किया जाएगा। शिलान्यास समारोह में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि जामताड़ा की जनता का मैं तहेदिल से आभार व्यक्त करता हूँ, जिन्होंने मुझे न सिर्फ तीसरी बार विधायक चुना, बल्कि मंत्री पद की जिम्मेदारी भी सौंपी। उन्होंने कहा, आप देख सकते हैं कि जामताड़ा में विकास की आंधी चल रही है। आज मैंने क्षेत्र को तीन महत्वपूर्ण पुलों की सौगात दी है। चेगायडीह और सोनबाद के बीच स्थित पुराने और संकीर्ण पुल की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि यह पुल वर्षों से जनता की जरूरत था, जहाँ आए दिन दुर्घटनाएं होती थीं। इस पुल के निर्माण से अब लोगों को न केवल सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी, बल्कि सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। डॉ अंसारी ने कहा, सबसे खास बात यह है कि आज बाबा साहेब डॉ भीमराव अंबेडकर की जयंती है और इस पावन अवसर पर मैं जामताड़ा वासियों को यह विकास कार्य समर्पित कर रहा हूँ। यह मेरे लिए गर्व और खुशी की बात है। उन्होंने जोर देकर कहा कि वे बिना किसी भेदभाव के विकास कार्यों को अंजाम देते हैं। धर्म के नाम पर लड़ने वाले बहुत मिल जाएंगे, लेकिन काम करने वाले बहुत कम होते हैं। मैं काम करने में विश्वास करता हूं। इस अवसर पर मुखिया प्रतिनिधि कलीम अंसारी तैयब अंसारी निशापति हांसदा, संवेदक रोबिन सिंह, कयूम अंसारी सहित बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे। समारोह में लोगों में उत्साह और खुशी का माहौल देखा गया।डॉ अंसारी ने अंत में विश्वास दिलाया कि आने वाले समय में जामताड़ा विकास की नई ऊँचाइयों को छुएगा और हर कोना तरक्की की रोशनी से जगमगाएगा।


