जागता झारखंड संवाददाता मो जुलकर अंसारी शिकारीपाड़ा/दुमका : सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाते हुए भारतीय एकता ट्रस्ट ने एक सड़क दुर्घटना में घायल हुए युवक को इलाज के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की है। ट्रस्ट के सदस्यों ने घायल युवक के परिजनों से मिलकर सहयोग राशि सौंपी और उसके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।प्राप्त जानकारी के अनुसार पारशिमला के निवासी समीर अंसारी हाल ही में एक सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया था। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण इलाज में कठिनाई आ रही थी। इसकी जानकारी जैसे ही ट्रस्ट को मिली, उन्होंने तुरंत सहायता का हाथ बढ़ाया।इस अवसर पर ट्रस्ट के अध्यक्ष आफ़ताब अंसारी ने कहा कि “समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद करना हमारा कर्तव्य है। मानव सेवा ही सच्ची सेवा है और हमारी संस्था सदैव इसके लिए तत्पर है।”युवक के परिजनों ने ट्रस्ट की इस सहायता के लिए गहरा आभार व्यक्त किया और कहा कि ऐसे सामाजिक संगठन समाज के लिए एक उम्मीद की किरण हैं। मौके पर ट्रस्ट के अध्यक्ष आफ़ताब अंसारी, प्रमुख सदस्य महताब आलम, मुश्ताक़ आलम, सफाद अंसारी , शाहबाज अंसारी के साथ कई ग्रामीण मौजूद रहे।
