Search
Close this search box.

स्टार 11 बड़ागाईं बनी नाइट क्रिकेट चैंपियन, जेजेसी चुट्टू को 7 विकेट से हराया

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मुजफ्फर हुसैन, जागता झारखण्ड, ब्यूरो राँची:- राजधानी राँची के कांके प्रखंड अंतर्गत मस्जिद टांड, पार चुट्टू रिंग रोड में आयोजित आबाद शफीक मेमोरियल नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला रविवार देर रात रोमांच, उत्साह और खेल भावना के बीच संपन्न हुआ। फ्लड लाइट की रोशनी में खेले गए इस नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट ने ग्रामीण क्षेत्र के क्रिकेट प्रेमियों को देर रात तक रोमांचित किए रखा। पूरे आयोजन के दौरान दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इस टूर्नामेंट का आयोजन झारखंड ज्योति क्लब, चुट्टू द्वारा किया गया, जबकि मेसरा हॉस्पिटल, बीआईटी मोड़ ने मुख्य (स्पॉन्सर) की भूमिका निभाई। फाइनल मुकाबले का उद्घाटन कांके विधायक सुरेश बैठा, कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह कांके प्रमुख सोमनाथ मुंडा, खिजरी विधानसभा अल्पसंख्यक विभाग के विधायक प्रतिनिधि नईम उर्फ हुमायूं अंसारी, मेसरा हॉस्पिटल के प्रबंधक जावेद अख्तर, समी खान, हयात अंसारी, सरीफ अंसारी एवं कांग्रेस नेता जमील अख्तर ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर तथा प्रतीकात्मक बल्लेबाजी कर किया। मेसरा हॉस्पिटल के प्रबंधक जावेद अख्तर की ओर से सभी अतिथियों को गमछा ओढ़ाकर एवं मोमेंटो भेंट कर सम्मानित किया गया। मैदान में मौजूद सैकड़ों दर्शकों ने खिलाड़ियों का जोरदार उत्साहवर्धन किया। टूर्नामेंट को लेकर युवाओं एवं ग्रामीणों में विशेष उत्साह और ऊर्जा देखने को मिली। सेमीफाइनल मुकाबला जेजेसी चुट्टू और चंदवे 11 के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जेजेसी चुट्टू की टीम ने निर्धारित 8 ओवर में 8 विकेट खोकर 76 रन बनाए। जवाब में चंदवे 11 की टीम 7 ओवर 2 गेंद में 6 विकेट के नुकसान पर मात्र 27 रन ही बना सकी। इस प्रकार जेजेसी चुट्टू ने 49 रनों की शानदार जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया।फाइनल मुकाबला स्टार 11 बड़ागाईं और जेजेसी चुट्टू के बीच खेला गया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जेजेसी चुट्टू ने 8 ओवर में 7 विकेट खोकर 76 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी स्टार 11 बड़ागाईं की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 ओवर 3 गेंद में 3 विकेट खोकर 78 रन बना लिए और 7 विकेट से शानदार जीत दर्ज करते हुए आबाद शफीक मेमोरियल नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम कर लिया।विजेता टीम स्टार 11 बड़ागाईं को मेसरा हॉस्पिटल के प्रबंधक जावेद अख्तर की ओर से 55 हजार रुपये नगद एवं बड़ी ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया, जबकि उपविजेता जेजेसी चुट्टू को 35 हजार रुपये नगद एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। इसके अलावा तीसरे एवं चौथे स्थान पर रहने वाली टीमों को भी 11-11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया।मेसरा हॉस्पिटल, बीआईटी मोड़ के प्रबंधक जावेद अख्तर ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, एकता और सकारात्मक सोच की दिशा में आगे बढ़ाने का सबसे सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि मेसरा हॉस्पिटल हमेशा सामाजिक, खेल एवं जनहित से जुड़े आयोजनों को सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध रहा है और भविष्य में भी इस प्रकार के आयोजनों में बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता निभाता रहेगा। उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को शुभकामनाएं देते हुए सभी खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Jagta Jharkhand
Author: Jagta Jharkhand

Leave a Comment

और पढ़ें