प्रतिनिधि, जागता झारखण्ड, पटना (बिहार): राजधानी पटना में चर्चित शिक्षक खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर हुए हंगामे, पथराव और तोड़फोड़ मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ज्ञान बिंदु कोचिंग के निदेशक रोशन आनंद समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस सभी से पूछताछ कर घटना की साजिश और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।पुलिस सूत्रों के अनुसार, कोचिंग संस्थान के बाहर हुए बवाल के पीछे किसकी भूमिका थी और इसकी योजना कैसे बनाई गई, इसकी गहन पड़ताल की जा रही है। पटना के एसडीपीओ-1 ने रौशन आनंद एवं उनके दो सहयोगियों को हिरासत में लिए जाने की पुष्टि की है। हालांकि पुलिस का कहना है कि पूछताछ जांच प्रक्रिया का हिस्सा है और निष्पक्ष तरीके से सभी तथ्यों की जांच की जा रही है।मामले को लेकर एसपी सिटी दीक्षा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में घटना में शामिल कुछ लोगों का संबंध सड़क के दूसरी ओर स्थित एक कोचिंग संस्थान से होने की आशंका है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है और उपलब्ध सभी साक्ष्यों का सत्यापन किया जा रहा है।उन्होंने बताया कि घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज तथा वायरल वीडियो की बारीकी से जांच की जा रही है। अब तक 10 से 12 संदिग्ध लोगों की पहचान की जा चुकी है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।पुलिस के अनुसार, घटना में एक व्यक्ति घायल हुआ है, जिसका इलाज अस्पताल में चल रहा है। उसकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।घटना के बाद आरोप लगाए गए कि ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े कुछ छात्रों ने खान सर के कोचिंग संस्थान के बाहर हंगामा और गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया। ज्ञान बिंदु कोचिंग प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने वाला एक चर्चित संस्थान है, जिसका संचालन रौशन आनंद करते हैं। शिक्षा जगत में उन्हें खान सर का प्रमुख प्रतिद्वंद्वी माना जाता है। वहीं खान सर ने भी सीधे तौर पर रौशन आनंद और उनके सहयोगियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जिनकी जांच पुलिस कर रही है।इस घटना के बाद पटना के कोचिंग जगत में प्रतिस्पर्धा और तनाव को लेकर चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक तस्वीर स्पष्ट हो सकेगी।








