जागता झारखंड संवाददाता बजरंग कुमार महतो : घाघरा प्रखंड की सैकड़ो महिला सोमवार को प्रखंड कार्यालय पहुँची और सामाजिक सुरक्षा कम्प्यूटर कक्ष के बाहर लम्बी लाइन में देखी गयी। उनसे पूछने पर उन्होंने बताया कि पूर्व में उनके खाते में मइया सम्मान योजना की राशि पहुँची लेकिन हाल के दिनों में अन्य कई महिलाओं के खाते में सात हजार पांच सौ रुपये की सम्मान राशि आयी लेकिन उनके खाते में उक्त राशि नही आई। जिसका पता लगाने सैकड़ो महिलाएं प्रखंड के सामाजिक सुरक्षा कम्प्यूटर कक्ष पहुँची थी। इसके लिए उन्हें घंटो लाइन में लगा रहना पड़ा। इस बावत कम्प्यूटर ऑपरेटर शीतल ने बताया कि वैसे लोग जिनका आधार बेस पेमेंट सिस्टम अपडेट नही है या जिन लोगों का राशन कार्ड में नाम नही है वैसे कई लोगों का मइया सम्मान की फिलहाल मिली राशि उनके खाते में नही जा सकी है। कागजात दुरुस्त होने के उपरांत उनके खाते में राशि जाने की संभावना की बात महिलाओं को जानकारी दी गयी। हालांकि इस क्रम में महिलाओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा।


